सुबह-ऐ-बनारस, शाम-ऐ-लखनऊ ये दो पंक्तियाँ लखनऊ और बनारस को बयान करती हैं हांलाकि हम यहाँ बनारस की तो नहीं परन्तु लखनऊ की बात ज़रूर कर रहे हैं। लखनऊ एक ऐसा शहर है जिसे नाज़ों से बनाया गया था और यहाँ पर हर्षोल्लास का मौसम मानो सदैव ही रहता है, तभी तो ‘शाम-ऐ-लखनऊ’ की पंक्ति मशहूर है। लखनऊ संगीत और नृत्य दोनों के लिए सम्पूर्ण भारत में जाना जाता था और यह कारण है कि वर्तमान में भी लखनऊ घराने के संगीतज्ञ संगीत के साथ ही साथ नृत्य की परंपरा को भी जीवित किये हुये हैं। ख़याल, ध्रुपद, ठुमरी आदि संगीत की ऐसी विधाएं हैं जो लखनऊ घराने की खासियत रही हैं। नृत्य की परंपरा अर्थात ठुमरी, बनारस और लखनऊ में ज़रूर देखने को मिलती है जो कि यहाँ के घरानों की खासियत है। संगीत के साथ-साथ नृत्य की विधा में कत्थक ने लखनऊ में एक महत्वपूर्ण स्थान बना कर रखा है।
अकबर के जाने के और औरंगज़ेब के आने के बाद मानो पूरे युग का ही परिवर्तन हुआ और यहीं से संगीत के कई घरानों की कहानी शुरू हुई। हुआ यूँ कि औरंगज़ेब को गायकी में कोई रूचि नहीं थी और यह सुनकर संगीतज्ञों ने धरना दिया, यह बात औरंगजेब को रास नहीं आई और उसने यह आदेश दे दिया कि संगीत को ऐसे दफ़न करो कि यह पुनः न सामने आ पाए। यह सुनकर उसके दरबार के सभी संगीतज्ञ दिल्ली को छोड़ भागने लगे और वे विभिन्न स्थान पर अपना निवास बसाने लगे। कालान्तर में लखनऊ संगीत का एक महान केंद्र बना और इसको शह देने का सबसे बड़ा कार्य किया नवाब वाजिद अली शाह ने। जैसा कि माना जाता है कि हांलाकि ग्वालियर में संगीत तो राजा मान सिंह तोमर के दौर में आ गया था तथा ग्वालियर ध्रुपद का एक केंद्र बन चुका था परन्तु यदि घराने की बात की जाए तो यह सिंधियाओं के दौर में स्थापित हुयी थी। ग्वालियर घराने के महत्वपूर्ण संगीतज्ञ हड्डू और हस्सू खान के पुरखे रसूल खान वास्तविकता में लखनऊ से थे। दौलत राम सिंधिया के शासन के दौरान नत्थन पीरबक्श जो कि हड्डू खान और हस्सू खान के दादा थे ,ग्वालियर की ओर विस्थापित हुए थे। ठुमरी विधा का जन्म और विस्तार लखनऊ को माना जाता है। इस प्रकार से हम देख सकते हैं कि संगीत की विभिन्न विधाओं और घरानों का निर्माण किस प्रकार से हुआ और इनमें कितने स्थानों के संगीतज्ञों ने अपना योगदान दिया।
संदर्भ:
1. https://en.wikipedia.org/wiki/Gharana
2. https://saxonianfolkways.wordpress.com/tag/the-gwalior-gharana/
3. https://www.itcsra.org/Gharana.aspx
4. https://bit.ly/2m2kUDv
© - 2017 All content on this website, such as text, graphics, logos, button icons, software, images and its selection, arrangement, presentation & overall design, is the property of Indoeuropeans India Pvt. Ltd. and protected by international copyright laws.